सिंहस्थ 2028: उज्जैन में धीमे कार्यों पर सख्ती, ठेकेदार पर 5 लाख की पेनल्टी
संवाददाता: संतोष यादव, उज्जैन
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में हो रही देरी को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। संभाग आयुक्त एवं मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी लंबित और धीमी गति से चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इसी क्रम में श्री आशीष सिंह अब प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे सिंहस्थ 2028 से जुड़े विलंबित कार्यों का जायजा लेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने डाटाना से पाइप फैक्ट्री तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग का दौरा किया। निरीक्षण में कार्य की धीमी प्रगति और कई जगह काम पूरी तरह बंद मिला। इस पर नाराजगी जताते हुए श्री सिंह ने संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाएं, ताकि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।












