आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: रोडवेज बस ट्रक से टकराई, एक यात्री की मौत, 20 घायल
संवादाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाराजगंज से दिल्ली जा रही सोनौली डिपो की रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 86.700 किलोमीटर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में कुल 38 यात्री सवार थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा कर्मी, करहल इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय और सीओ अजय सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
सैफई पीजीआई में यात्री को मृत घोषित किया गया
घायल यात्रियों को सैफई पीजीआई भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 45 वर्षीय सुनील शर्मा निवासी गांव झकही चक बेलदुहा, थाना मोलनापुर सनीचर, जनपद संतकबीर नगर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
एसपी ग्रामीण ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 20 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है। अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
ये भी पढ़ें जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, अधिकारियों को दिए गए त्वरित निस्तारण के निर्देश












