जलेसर रोड पर भीषण हादसा: ट्रैक्टर चालक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रॉली में लगाई आग
संवाददाता-अश्वनी कुमार जिला-हाथरस


हाथरस में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। यह घटना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड पर गंगोली गांव के पास सोमवार रात करीब 8 बजे हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाले आलू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान वीर नगर निवासी 46 वर्षीय दुष्यंत सारस्वत, पुत्र बाबूलाल सारस्वत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुष्यंत अपने ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत जोतने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जलेसर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दुष्यंत सारस्वत ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह दुष्यंत को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉला में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान जलेसर रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक दुष्यंत सारस्वत अपने पीछे तीन संतानों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












