जनगणना-2027 के प्रथम चरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर,आमजन में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाये: श्रीमती शीतल वर्मा
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा









जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित तिथि पर पूर्ण करायें: मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी,त्रुटि रहित एवं समयांतराल में कार्य पूर्ण करने हेतु प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों पर विशेष निगरानी रखी जाएं: मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी,
दिनांक 3 जून 2026गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद स्थित सभागार कक्ष में जनगणना-2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती शीतल वर्मा, आईएएस, निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा की गई। बैठक में जनपद गाजियाबाद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान जनपद गाजियाबाद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 03 जून 2026 तक सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संपादित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा उपरांत अध्यक्ष महोदया द्वारा जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित अंतिम तिथि 20 जून 2026 से पूर्व पूर्ण कराने के लिए सभी अधिकारी विशेष प्रयास करें। ऐसे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिनके कार्य समय पर पूर्ण न होने की संभावना हो, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए जा सकें।सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा भरे जा रहे आंकड़ों का परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि अपलोड किया गया डेटा पूर्णतः सही, शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो। नगर निगम क्षेत्र के लिए विशेष निर्देश जारी करते हुए अपर नगर आयुक्त एवं संबंधित चार्ज अधिकारियों से कहा गया कि वे आर.डब्ल्यू.ए. एवं ए.ओ.ए. पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर विशेष अभियान चलाएं, जिससे प्रत्येक मकान एवं परिवार तक प्रगणकों की पहुंच सुनिश्चित हो सके और कोई भी परिवार अथवा भवन सर्वेक्षण से वंचित न रह जाए। साथ ही प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के मोबाइल नंबर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ साझा किए जाएं, ताकि जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सके।अध्यक्ष महोदया ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक एवं सुपरवाइजर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सर्वेक्षण संबंधी गतिविधियों के फोटोग्राफ अथवा सेल्फी लेकर सामाजिक माध्यमों पर साझा करें, जिससे आमजन में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़े। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कार्य पूर्ण होने पर संबंधित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से कवरेज प्रमाण-पत्र (कवरेज सर्टिफिकेट) प्राप्त कर सुरक्षित रखा जाए तथा पोर्टल पर नजरी नक्शा अपलोड कराना भी सुनिश्चित किया जाए।इसके अतिरिक्त आगामी शनिवार एवं रविवार को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इन शिविरों के लिए पूर्व निर्धारित स्थानों पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का हस्ताक्षरयुक्त विवरण जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने तथा उसकी एक प्रति अभिलेख हेतु सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ गाजियाबाद, नगर आयुक्त श्री , अपर नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), जनगणना निदेशालय के अधिकारीगण, विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












