कुंडा पुलिस की सख्ती : कोतवाल ने पंडालों का किया निरीक्षण, संदिग्ध वाहनों पर गिरी गाज
प्रतापगढ़। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कुंडा पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। कुंडा कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार दीक्षित ने रविवार को क्षेत्र के कई दुर्गा पंडालों का पैदल गश्त कर निरीक्षण किया।
खेमीपुर स्थित मां कल्याणी धाम पहुंचकर कोतवाल ने मां का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि “ड्रोन जैसी अफवाहों से बिल्कुल भी भ्रमित न हों, पुलिस पूरी तरह सतर्क है।”
गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी की। थार, स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियों में लगे हूटर और ब्लैक फिल्म उतरवा दिए गए। फर्जी वीआईपी प्रोटोकॉल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने कई गाड़ियों पर कार्रवाई की।
इस कार्रवाई से उन लोगों में हड़कंप मच गया जो गाड़ियों के जरिए भौकाल जमाने का खेल कर रहे थे। वहीं, क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस मुहिम का स्वागत करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
ये भी पढ़ें कटरा चौराहे के पास बोलेरो और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, तीन की हालत नाजुक












