एटा में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष, पूर्व प्रधान की हत्या से मचा हड़कंप
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के बिजद्देपुर गांव में बुधवार को जमीनी विवाद के चलते बड़ा बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पूर्व प्रधान जय सिंह (73) और वर्तमान प्रधान अमित सिंह आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव होने लगा। इस मारपीट में पूर्व प्रधान जय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सीओ अलीगंज नितीश गर्ग, इंस्पेक्टर निर्दोष सेंगर सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान के शव को अलीगंज थाने में रखकर हंगामा किया।
घटना की जानकारी पर एटा के एसएसपी श्याम नारायण सिंह व क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों अमित, श्याम सिंह, प्रेम सिंह, शनिल आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 4 टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।












