घने कोहरे में बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार विद्युत पोल से टकराई
संवाददाता मुकेश कुमार
– जनपद एटा में घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत हिंदुस्तान लीवर फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार एटा की ओर से कासगंज जा रही थी। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे विद्युत पोल से टकरा गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार सवारों को बाहर निकाला। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि इन दिनों लगातार पड़ रहे घने कोहरे के कारण हाईवे पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाएं और सावधानी बरतें, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।












