यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पलटी, कई घायल
रिपोर्ट: जय भगवान बघेल
मथुरा जनपद में रविवार देर शाम यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
नोएडा से दरभंगा जा रही थी बस
पुलिस के मुताबिक, बस (नंबर BR02PC2291) नोएडा से दरभंगा (बिहार) जा रही थी, जिसमें करीब 100 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है।
घायलों का CHC नौहझील में इलाज जारी
घटना के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात बहाल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बस को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
कहां हुआ हादसा?
यह हादसा नौहझील थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 76 के पास हुआ।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें वृंदावन हादसे का तीसरा दिन..13 की मौत, 3 लापता: सर्च ऑपरेशन जारी












