पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

सिहानीगेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

11 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 4 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना सिहानीगेट पुलिस टीम ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के 04 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम श्रीमती उपासना पांडे ने बताया कि दिनांक 26 दिसंबर 2025 की मध्य रात्रि में लोहिया नगर एवं पटेल नगर चौकी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग, गश्त एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान यह कार्रवाई की गई। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना सिहानीगेट पर धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3/5 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों, अंधेरी गलियों, फ्लैट सोसायटी, बाजार, अस्पताल एवं रोड साइड पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। अभियुक्त रात के समय अथवा तड़के रेकी कर 30 से 60 सेकेंड में लॉक तोड़कर हॉट-वायरिंग के जरिए बाइक चोरी करते थे और चोरी के बाद तुरंत रूट बदलकर अन्य क्षेत्रों में ले जाते थे।

अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलें 5,000 से 10,000 रुपये में बेच दी जाती थीं। प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्त अब तक नोएडा, कविनगर एवं क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से करीब 20 मोटरसाइकिलें चोरी कर बेच चुके हैं। चोरी के पीछे आर्थिक लाभ, नशे की पूर्ति एवं आसान पैसे कमाने की लालच प्रमुख कारण बताए गए।

मिस्त्री की भूमिका आई सामने

गिरफ्तार अभियुक्त फूल सिंह मिस्त्री की भूमिका निभाता था, जो चोरी की मोटरसाइकिलों के इंजन व चेसिस नंबर घिसकर छुपाने, फर्जी नंबर प्लेट लगाने, हैंडल लॉक व इग्निशन बदलकर नई चाबी तैयार करने का काम करता था। उसने कुछ वाहनों के कल-पुर्जे खोलकर अलग-अलग बेचने की बात भी स्वीकार की है।

11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बुलेट व स्प्लेंडर सहित कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर एवं दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त

1. वंश पुत्र सोहनपाल – निवासी ग्राम भूडगढ़ी, थाना मसूरी, गाजियाबाद (वर्तमान पता नूरनगर सिहानी)

2. गजराज पुत्र नाथूराम – निवासी गोविंदपुरम, थाना कविनगर, गाजियाबाद

3. सोनू उर्फ विशाल पुत्र कुंवरपाल – निवासी घूकना, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद

4. फूल सिंह पुत्र दरियाई सिंह – निवासी नूरनगर सिहानी, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार अभियुक्त सोनू उर्फ विशाल के विरुद्ध पूर्व में थाना नंदग्राम में लूट का एक अभियोग तथा अभियुक्त वंश के विरुद्ध अपहरण का एक अभियोग पंजीकृत है। अन्य दो अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई को थाना सिहानीगेट पुलिस टीम द्वारा अंजाम दिया गया, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

ये भी पढ़ें अयोध्या में नए साल का सैलाब: 1 जनवरी के लिए सभी VIP पास फुल, रामलला के दर्शन को उमड़ेंगे लाखों भक्त

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें