दहेज की मांग पर विवाहिता को घर से निकाला, महिला थाने में मुकदमा दर्ज

दहेज की मांग पर विवाहिता को घर से निकाला, महिला थाने में मुकदमा दर्ज

संवाददाता: आयशा अल गजल

सुलतानपुर। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना सुलतानपुर पुलिस ने पति समेत कई ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी हंसमती ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के विरैता पाल्हीपुर गांव निवासी ज्योति पाण्डेय की शादी 5 जून 2023 को अम्बेडकर नगर निवासी राजेश तिवारी के साथ हुई थी। पीड़िता के पिता राम शिरोमणि पाण्डेय ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार विवाह में करीब 5 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। जब ज्योति ने यह बात अपने पिता को बताई तो उन्होंने आर्थिक तंगी और कर्ज होने के कारण यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। ज्योति का आरोप है कि इसके बाद से ही उसके पति राजेश तिवारी, ससुर राम गरीब तिवारी, देवर सुनील तिवारी व गोलू तिवारी, भाभी मधु तिवारी, ननद पूजा व वर्षा तिवारी तथा सास उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे और कई बार मारपीट भी की। पीड़िता के अनुसार 14 अक्टूबर 2025 को पति सहित ससुराल के सभी लोग उसके कमरे में आए और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद उसके जेवरात और कपड़े छीन लिए गए तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर मायके के गांव के बाहर छोड़ गए और धमकी दी कि यदि वह बिना दहेज के वापस आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। ज्योति किसी तरह रोते-बिलखते अपने मायके पहुंची और पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद 6 फरवरी 2026 को उसका भाई अपने मामा और अन्य रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंचा और समझौते का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग बिना दहेज के समझौता करने को तैयार नहीं हुए।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें