नगर निगम सफाई कर्मियों को देगा ₹17,446 मासिक वेतन, चार सवैतनिक अवकाश और ₹5 लाख का बीमा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर,सहारनपुर क्षेत्र
नगर निगम सहारनपुर महानगर के सफाई मित्रों को प्रदेश में सर्वाधिक ₹17,446 मासिक वेतन देने वाला निगम बनने जा रहा है। इसके साथ ही सफाई कर्मियों को हर महीने चार सवैतनिक साप्ताहिक अवकाश, ईपीएफ एवं ईएसआईसी की सुविधा तथा ₹5 लाख का अतिरिक्त दुर्घटना/मृत्यु बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह निर्णय समग्र नगर स्वच्छता व्यवस्था के अंतर्गत लिया गया है।यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव शुक्रवार को महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम बोर्ड की कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।शाकुंभरी सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए महापौर ने बताया कि वर्तमान में आउटसोर्सिंग (सीएलसी) कर्मचारियों को ₹15,175 मासिक वेतन दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर ₹17,446 किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिक संगठनों ने वेतन को 16 से 17 हजार रुपये तक बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन निगम ने इससे भी अधिक वृद्धि का निर्णय लिया है। महापौर ने बताया कि सफाई कर्मियों को हर माह की 7 तारीख से पहले मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा तथा शासन द्वारा समय-समय पर घोषित मानदेय वृद्धि को तत्काल लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या सड़कों और नालों की चौड़ाई, जनसंख्या तथा व्यवसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी। बैठक में उपसभापति मयंक गर्ग सहित पार्षद दिग्विजय चौहान, मंसूर बदर, संजय सैनी और राजेंद्र कोहली ने चर्चा में भाग लिया। निकाय संचालन के लिए नियमावली बनाने पर जोर महापौर डॉ. अजय कुमार ने हाल ही में गुरुग्राम में आयोजित निकायों की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि निकायों के सुचारू संचालन के लिए एक स्पष्ट नियमावली बनाई जानी चाहिए तथा इसमें किसी प्रकार का बाहरी हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश तथा केंद्रीय नगर विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया गया।अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी हुए पारित बैठक में वार्ड-40 स्थित गांधी पार्क के गैराज क्षेत्र में पूर्व की भांति श्रीरामलीला आयोजन हेतु एक माह तथा रावण दहन के लिए पांच दिन की अनुमति देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा वार्ड-53 के रायवाला स्थित तिकोना पार्क का नाम पूर्व पार्षद रविसैन जैन की स्मृति में “श्री रविसैन जैन स्मृति उद्यान” रखने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। चिलकाना रोड क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए खाताखेड़ी में नगर निगम की 35×42 वर्गमीटर भूमि पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने हेतु भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक में सिनेमाघरों के शो टैक्स तथा नगर निगम सीमा क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लागू शुल्क दरों में मामूली संशोधन को भी मंजूरी दी गई। इस दौरान पार्षद सलेकचंद, ज्योति अग्रवाल, फजलुर्रहमान, नूतन तोमर, शबाना प्रवीण और अनुज जैन ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं, जिनका महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने उत्तर देकर समाधान का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन सदन प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव ने किया।












