भीतरगांव क्षेत्र में दुधारू पशुओं की रहस्यमयी बीमारी, दर्जनों की मौत से मचा हड़कंप
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
कानपुर देहात के भीतरगांव विकासखंड के कई गांवों में दुधारू जानवरों में अजीब तरह की बीमारी फैलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गांव में करीब आधा सैकड़ा से अधिक दुधारू पशु बीमार हैं, जबकि अब तक लगभग दो दर्जन जानवरों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार जैसे ही जानवर चारा खाते हैं, उनकी हालत अचानक बिगड़ जाती है और कुछ ही समय में उनकी मौत हो जा रही है। लगातार हो रही पशु मौतों से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पशु चिकित्सक गांव के अंदर आने से परहेज कर रहे हैं और गांव के बाहर बैठकर ही जानवरों का इलाज कर रहे हैं, जिससे सही ढंग से उपचार नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
फिलहाल पशुपालन विभाग की टीम द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गांव में भेजी जाए, बीमारी की जांच कर सही इलाज और दवाइयों की व्यवस्था कराई जाए, ताकि अन्य जानवरों की जान बचाई जा सके।












