पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज ने डीएवी इंटर कॉलेज, प्रतापगढ़ स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज ने ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, अभ्यर्थियों की विधिवत जांच सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सीओ रानीगंज ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश












