पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सीओ रानीगंज ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री विनय प्रभाकर साहनी ने ग्राम्य विकास इंटर कॉलेज देल्हूपुर एवं स्वामी करपात्री इंटर कॉलेज रानीगंज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजामों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।सीओ रानीगंज ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों को निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि भर्ती परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।












