कुंडा में विकास की रफ्तार तेज: 9.75 किमी सड़क परियोजना का शिलान्यास
संवाददाता: शुभम पाण्डेय प्रतापगढ़। कुंडा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुंडा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 9.75 किलोमीटर लंबी यह सड़क लखनऊ-प्रयागराज मार्ग से परेवा नारायणपुर, हथिगवां होते हुए अखैबरपुर धीमी तक बनाई जाएगी।
वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बीच शुरू हुई इस परियोजना से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का मानना है कि इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वक्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सभा को संबोधित करते हुए राजा भैया ने कहा कि किसी भी विकास कार्य को जमीन पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास और संघर्ष की आवश्यकता होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति का केंद्र बिंदु केवल विकास है, न कि जातिवाद।
उन्होंने कहा कि विकास का लाभ हर वर्ग को मिलना चाहिए और इसी सोच के साथ क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सहयोग के बिना इस तरह के बड़े आयोजन संभव नहीं हैं।
राजा भैया ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कुंडा और बाबागंज क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही कई अन्य बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात भी जनता को मिलने वाली है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्र की जनता को अपना परिवार बताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें राजा भैया का विकास धमाका: करोड़ों की सड़क परियोजना का शिलान्यास, 9.75 किमी सड़क से बदलेगी तस्वीर












