पटवारी कार्यालय बना शराबियों का अड्डा! सरकारी दफ्तर के पास गंदगी और अवैध गतिविधियों का खुला खेल
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा साजा, 05 मई 2026: जहां एक ओर सरकार सुशासन और पारदर्शिता की बात करती है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। साजा स्थित पटवारी कार्यालय के आसपास का नजारा देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा। कार्यालय परिसर के पास भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, कचरा और गंदगी फैली हुई है, जो सीधे-सीधे प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थान धीरे-धीरे शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। दिन ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है और खुलेआम शराबखोरी की जाती है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ एक सरकारी कार्यालय के ठीक पास हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पटवारी कार्यालय, जहां आम जनता अपनी जमीन और राजस्व से जुड़े जरूरी कामों के लिए आती है, वहां का ऐसा माहौल लोगों में डर और असुरक्षा का भाव पैदा कर रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यहां आना असुविधाजनक होता जा रहा है। गंदगी के कारण न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि यह क्षेत्र बीमारियों का भी खतरा बनता जा रहा है। सवाल यह उठता है कि जब सरकारी कार्यालय के आसपास ही स्वच्छता और कानून व्यवस्था का यह हाल है, तो आम जगहों की स्थिति कैसी होगी? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए, नियमित सफाई कराई जाए और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर कब तक चुप्पी साधे रहते हैं या फिर कोई ठोस कदम उठाया जाता है।












