खागा तहसील में ‘जनता का न्याय दरबार’! 178 फरियादें दर्ज, 22 का मौके पर निस्तारण—डीएम-एसपी का अफसरों को अल्टीमेटम

खागा तहसील में ‘जनता का न्याय दरबार’! 178 फरियादें दर्ज, 22 का मौके पर निस्तारण—डीएम-एसपी का अफसरों को अल्टीमेटम

संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य 

खागा, फतेहपुर। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील खागा के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन भी प्राप्त किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 दिव्यांग प्रमाण पत्र के आवेदन, समाज कल्याण विभाग से 3, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 3 पेंशन एवं 4 सहायक उपकरण, स्वच्छ भारत मिशन से 2, गोल्डन कार्ड के 5 केवाईसी आवेदन प्राप्त हुए। होम्योपैथिक विभाग द्वारा 50 लोगों को दवाएं वितरित की गईं। वहीं जिला पूर्ति विभाग से 25 आवेदन यूनिट बढ़ाने व नए राशन कार्ड के लिए आए। विद्युत विभाग से 5 बिल संशोधन/मीटर से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत निराश्रित महिला पेंशन एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से संबंधित स्टॉलों पर भी लोगों ने जानकारी ली।

समाधान दिवस के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, राजस्व, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, वृद्धा, दिव्यांग व निराश्रित महिला पेंशन, कृषि, सिंचाई, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 178 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मूल उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले, ताकि कोई भी गरीब व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रह जाए।

पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खागा, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें