मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में, कार्यक्रम के बाद रिहा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री के जनपद दौरे के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने जा रहे समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे और समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव एवं सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद को पुलिस ने जीआईसी गेट के पास हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों नेताओं को रिहा कर दिया गया।
सपा नेताओं का आरोप है कि जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे को घर से बाहर निकलने से रोकने के लिए उनके आवास पर पहले से पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद वह वहां से निकलकर जीआईसी परिसर पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें वकार अहमद के साथ हिरासत में ले लिया।
सपा नेताओं के मुताबिक उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री को जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपना था। ज्ञापन में जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाएं, एक्स-रे प्लेट और सीटी स्कैन रिपोर्ट की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, महिला अस्पताल के सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन, मेडिकल कॉलेज में कथित प्रशासनिक अनियमितताएं, आरटीओ कार्यालय में वीएलटीडी व्यवस्था एवं राष्ट्रीय परमिट से जुड़ी समस्याएं, मां बेल्हा देवी कॉरिडोर निर्माण में हो रही देरी, नगर की जल निकासी व्यवस्था तथा जनपद में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग शामिल थी।
दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मुख्यमंत्री तक ज्ञापन पहुंचाने से पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया।हालांकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से हिरासत में लिए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।












