करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, किसान निधि दिलाने के नाम पर धोखे से करवाया बैनामा
ब्यूरो चीफ महेश शुक्ला कुंडा, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने गांव के युवक और उसके परिजनों पर धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये मूल्य की पैतृक कृषि भूमि अपने नाम कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना मानिकपुर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के चौकापारपुर निवासी रीता देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता के निधन के बाद वह और उसकी बड़ी बहन मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करती हैं, जबकि उनकी मां शांति देवी गांव स्थित खेत में बने कमरे में रहती हैं। आरोप है कि खेत की वरासत कराने की जिम्मेदारी पहले बटाईदार को सौंपी गई थी, लेकिन बाद में धरौली गांव निवासी एक व्यक्ति ने स्वयं वरासत कराने का भरोसा दिलाया और कई बार उनकी मां को तहसील व लेखपाल के पास ले गया। पीड़िता का आरोप है कि छह नवंबर 2025 को किसान निधि दिलाने का झांसा देकर उसकी मां को तहसील ले जाया गया और धोखे में रखकर पहले केवल मां के नाम वरासत दर्ज कराई गई। इसके बाद मात्र 20 हजार रुपये में जमीन का बैनामा दिखाकर करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि अपने नाम करा ली गई। महिला का कहना है कि मामले की जानकारी होने पर वह मुंबई से गांव आ गई और तब से न्यायालय तथा सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रही है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजन खेत व मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अपनी, अपनी मां तथा संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें विधानसभा सत्र से पहले शिक्षामित्रों की दस्तक, बोले—अब वादे नहीं, समाधान चाहिए












