तहसीलदार ने जारी किया नोटिस, फिर भी हो रहा है अवैध कब्ज़ा
संवाददाता अवधेश चंद्र पांडेय प्रतापगढ़:- सरकारी जमीन पर अवैध रूप से किए जा रहे कब्जे को लेकर तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी कर देने के बाद भी बेखौफ भूमाफिया किस्म के लोग सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहें हैं। सरकारी जमीन पर कब्जा न रुकवाने और अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ कोई कार्यवाही न करने से तहसील प्रशासन की कार्यवाही पर प्रश्न चिन्ह लग गए हैं।
कुंडा तहसील में भूमाफियाओं को ज़रा सा भी कानून का खौफ और डर नही है। तभी तो तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी करने और अल्टीमेटम देने के बाद भी वे लगातार सरकारी जमीन पर कब्जा करके निर्माण कर रहें हैं। कुंडा तहसील के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के काशीपुर मटन गांव में मंदिर के पास गाटा संख्या 337 ऊसर खाते की जमीन है। जिस पर विगत कई माह से दर्जनों की संख्या में गांव के ही भूमाफिया किस्म के लोग सरकारी जमीन का आपसी बंटवारा करके उस पर अवैध रूप से कब्जा करके मकान बना रहें हैं। बेखौफ भूमाफियाओं ने करोड़ो रुपए की सरकारी जमीन को प्लाटिंग की तरह प्लाट काट करके और उसका आपस में बाकयदा बंटवारा करके अवैध रूप से कब्जा करके निर्माण कर रहें हैं लेकिन तहसील प्रशासन उन पर कोई भी प्रभावी कार्यवाही नही कर रहा है। कुछ दिन पूर्व गांव के कुछ ग्रामीणों ने मामलें की शिकायत की तो तहसीलदार कुंडा अलख शुक्ला, लेखपाल प्रेमचंद्र तथा राजस्व निरीक्षक ने बीते 18 जनवरी को नोटिस जारी करते हुए अवैध निर्माण रोकने और ध्वस्तीकरण करने का अल्टीमेटम दिया लेकिन तहसीलदार द्वारा चेतावनी देने के बाद भी अवैध कब्जाधारक बेखौफ होकर सरकारी जमीन पर बीम एवं जाल बांधकर सरकारी जमीन पर निर्माण कर रहें हैं। जिस तरीके से सामूहिक रूप से संगठन बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, उससे मामलें में भूमि प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ग्राम प्रधान और समिति के सचिव लेखपाल की भूमिका से इंकार नही किया जा सकता है।
जिस तरीके से नोटिस देने के बाद भी अवैध कब्जाधारक निर्माण कर रहें हैं, उससे तहसील प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में एसडीएम कुंडा वाचस्पति सिंह का कहना है कि सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवा दिया गया है। यदि फिर भी अवैध निर्माण हो रहा है तो ध्वस्तीकरण के साथ अन्य विधिक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें अयोध्या में चला प्रशासन का बुलडोजर.अवैध अतिक्रमण हटाकर मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ













