एटा में अपराध पर शिकंजा कसने की तैयारी, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
संवादाता अमन अहमद।
एटा, 05 मई 2026। जनपद में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी सर्किल क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न मामलों के विवेचक शामिल हुए। अधिकारियों ने चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान लंबित विवेचनाओं को जल्द से जल्द निस्तारित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। विशेष रूप से एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) के निष्पादन, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और टॉप-10 अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया गया। महिला संबंधी अपराधों को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाई और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। इसके अलावा साइबर अपराधों की रोकथाम, ई-समन की प्रक्रिया में तेजी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और निरोधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए भी कहा गया, ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी मामलों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और जिले में शांति व्यवस्था कायम रहे।












