दस गांवों का रास्ता बना तालाब, घुटनों तक पानी में चलने को मजबूर ग्रामीण
एटा: दस गांवों का संपर्क मार्ग जलमग्न, ग्रामीणों को घुटनों तक पानी में चलने की मजबूरी, प्रशासन चुप
संवादाता अमन अहमद: एटा जिले के अवागढ़ ब्लॉक के हिनौना गांव में भारी बारिश के चलते संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। करीब एक किलोमीटर लंबा यह रास्ता टिकाथर, बहोरनपुर, फरिहा समेत दस गांवों को जोड़ता है। ग्रामीणों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें रोज इसी जलमग्न मार्ग से स्कूल जाना पड़ता है।
स्थानीय निवासी भानु प्रताप ने बताया कि हजारों ग्रामीणों को इस जलभराव से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार और जरूरी कार्यों के लिए लोगों को इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है। गांव के लोग प्रधान पर विकास कार्यों में रुचि न लेने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि प्रधान का कहना है कि यह मार्ग उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता।
विकासखंड के अधिकारियों ने फिलहाल बारिश का हवाला देते हुए कोई तत्काल कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। वहीं, ग्रामीण नरसिंहपाल ने विधायक से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से स्थायी सड़क निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि जल्द समाधान न मिलने पर हालात और खराब हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें जमीन विवाद में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने थाना प्रभारी पर लगाया लापरवाही का आरोप












