जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की समीक्षा बैठक सम्पन्न
संवाददाता पवन सूर्यवंशी नोएडा एनसीआर


नशे के स्रोतों के विरुद्ध सघन अभियान, प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने व जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के निर्देश
गौतमबुद्धनगर 30 जनवरी, 2026
जनपद में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी, ड्रंक एवं ड्राइव तथा अन्य अवैध नशे की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। मादक पदार्थों की अवैध खरीद, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में अधिकारियों व अथॉरिटियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछली माह की आयोजित बैठक की अनुपालन आख्या लिखित रूप में आज रात को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायेंगे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अवेयरनेस कार्यक्रम, अवैध नशे, ड्रंक एवं ड्राइव से संबंधित जनवरी माह में संचालित अभियानों की विस्तृत रिपोर्ट यथाशीघ्र जिला आबकारी अधिकारी की ईमेल आईडी पर उपलब्ध कराई जाए तथा आगामी दिनों में अभियान को और अधिक तेज किया जाए। इसके साथ ही जनवरी माह में की गई समस्त प्रवर्तन कार्रवाई की संकलित रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने के लिए नए एवं सशक्त स्लोगन के साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, ताकि विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके। विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वाद विवाद, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए। विद्यालयों के आसपास गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। जिला औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा बिना लाइसेंस नार्कोटिक्स पदार्थों का भंडारण या बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय द्वारा अवैध नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियानों, प्रवर्तन कार्रवाइयों तथा वर्तमान स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण, चेकिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, प्रभारी/जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, एसीपी कल्पना गुप्ता, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ श्वेता खुराना सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रह।कवरेज संवाददाता पवन सूर्यवंशी गौतम बुद्धनगर।












