सीलिंग से मचा हड़कंप: डीएम के सख्त तेवर,सिटी मजिस्ट्रेट के एक्शन में मॉल,कोचिंग और कंप्यूटर सेंटर पर कार्रवाई
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
जिले में अवैध संचालन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार,मानक और दस्तावेजों की जांच के बाद कई संस्थानों पर लटके ताले
फर्रुखाबाद जिले में अवैध रूप से संचालित संस्थानों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिला प्रशासन की सख्ती के बीच जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत शहर में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार के नेतृत्व में टीम ने कई संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान दो बड़े प्रतिष्ठान विशाल मेगा मार्ट और वी मार्ट के साथ तीन शिक्षण संस्थान एवं कंप्यूटर सेंटरों पर प्रशासन की टीम पहुंची। जांच के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। अचानक हुई कार्रवाई से व्यावसायिक और कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। भवन मानक,अग्नि सुरक्षा और दस्तावेजों की हुई जांच प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन मानकों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, स्वीकृत नक्शा, संचालन अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान नियमों के पालन में अनियमितता और आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आने पर कार्रवाई की गई। कोचिंग संस्थानों पर भी प्रशासन की पैनी नजर सूत्रों के अनुसार जिले के अन्य बड़े कोचिंग संस्थान भी प्रशासन की निगरानी में हैं। कई स्थानों पर दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। डीएम बोले— सुरक्षा और नियमों से कोई समझौता नहीं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया कि छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी संस्थान निर्धारित मानकों और नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के बाद संचालकों में बढ़ी बेचैनी प्रशासन के इस अभियान के बाद जिले के कई शिक्षण एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी जांच अभियान जारी रह सकता है।












