महिला SI का सनसनीखेज आरोप – इंस्पेक्टर ने 1 लाख लिए, मुझे कुछ नहीं दिया
अश्लील हरकत के मामले में आरोपियों के पक्ष में चार्जशीट, ऑडियो वायरल
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र से पुलिस महकमे को हिला देने वाला मामला सामने आया है। महिला से हुई अश्लील हरकत के केस में आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के पक्ष में चार्जशीट दाखिल कर दी। इस पूरे प्रकरण में महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) नीतू का एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाती सुनाई दे रही हैं।
महिला SI का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनकी जानकारी के बिना चार्जशीट दाखिल कर दी, चार आरोपियों के नाम हटा दिए गए और इसके बदले इंस्पेक्टर ने एक लाख रुपये लिए, जबकि उन्हें कुछ भी नहीं दिया गया।
चार्जशीट बिना बताए दाखिल करने का आरोप
महिला SI नीतू का कहना है कि वह इस मामले की विवेचक थीं, लेकिन चार्जशीट के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। ऑडियो में वह पीड़िता से कहती सुनाई देती हैं कि—
> “मैं अपने बीमार बच्चे की कसम खाती हूं, मैंने चार्जशीट दाखिल नहीं की। इंस्पेक्टर साहब ने अपनी मर्जी से चार्जशीट लगवा दी।”
क्या है पूरा मामला
एत्मादपुर की रहने वाली एक महिला शिकोहाबाद में नर्सिंग का कोर्स कर रही है। पीड़िता के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे उसकी स्कूटी को आई-टेन कार ने ओवरटेक कर रोका। कार में सवार आशुतोष, हिमांशु, अनूप कुमार और रितेश समेत अन्य लोगों ने जबरन उसे गाड़ी में डालने की कोशिश की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकत की, कपड़े फाड़े और गला दबाने की कोशिश की। पुलिस वाहन आता देख आरोपी उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गए। इस मामले में एत्मादपुर थाने में FIR दर्ज की गई थी।
चार आरोपियों के नाम हटाए जाने पर सवाल
जांच महिला SI नीतू को सौंपी गई थी, लेकिन बाद में चार आरोपियों के नाम चार्जशीट से हटा दिए गए। पीड़िता को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने महिला SI से संपर्क किया। इसी दौरान दोनों की बातचीत का ऑडियो सामने आया।
ऑडियो में महिला SI यह भी कहती सुनाई देती हैं—
> “इंस्पेक्टर सर ने एक लाख रुपए ले लिए। मुझसे कहा कि तुझे एक रुपया नहीं मिलेगा। ये अकेले सारे पैसे रख लेते हैं।”
मामला पहुंचा आलाधिकारियों तक
पीड़िता की शिकायत के बाद डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने महिला SI को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की विभागीय जांच के साथ-साथ वायरल ऑडियो की भी जांच कराई जा रही है।
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया—
> “महिला विवेचक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ऑडियो की जांच की जा रही है और विभागीय जांच भी चल रही है।”
पुलिस का पक्ष
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों की संलिप्तता नहीं पाई गई थी। आरोपियों के नाम निकालने से पहले महिला SI ने ACP एत्मादपुर से लिखित अनुमति मांगी थी और उनकी स्वीकृति के बाद ही चार्जशीट दाखिल की गई। पूरे मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है।
ये भी पढ़ें चलती ट्रेन में अश्लील हरकत करने वाला कपल अब बंधेगा विवाह बंधन में, हुई सगाई












