एसपी ने सोरों थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए सख्त निर्देश
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। जनपद के पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना सोरों का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच-पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत मिशन शक्ति केंद्र एवं आगंतुक रजिस्टर की जांच से की गई। इसके बाद थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों—मालखाना रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, एचएस रजिस्टर तथा आईजीआरएस रजिस्टर—का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अभिलेखों में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसपी ने उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने तथा सभी रिकॉर्ड को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी परखी गई। साथ ही बैरक, बंदीगृह और भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता देखी गई। साफ-सफाई को लेकर विशेष जोर देते हुए संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से परिसर को स्वच्छ रखने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आने वाले फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना सोरों सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।












