ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिसकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। शासन के निर्देशों एवं पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली की निरंतर समीक्षा के क्रम में प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने की दिशा में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)/नोडल अधिकारी ई-ऑफिस श्री आलोक कुमार के नेतृत्व में 08 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स सभागार में जनपद के समस्त थानों एवं शाखाओं से नामित ई-ऑफिस यूजर्स/पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी श्री अमित गर्ग ने ई-ऑफिस के विभिन्न मॉड्यूल के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। पुलिसकर्मियों को ई-रसीद तैयार करने, ई-फाइल बनाने, पत्रावलियों को ऑनलाइन अग्रसारित करने, फाइल पर कार्यवाही, निस्तारण एवं डिस्पैच सहित डिजिटल पत्राचार की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई।
प्रशिक्षण में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा DGP UP द्वारा ई-ऑफिस की प्रगति की निरंतर समीक्षा के संबंध में भी जानकारी दी गई। सभी नामित यूजर्स को अपने-अपने थाना एवं शाखाओं में ई-ऑफिस का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कागजी कार्यवाही कम करने, फाइलों के त्वरित आवागमन, बेहतर मॉनिटरिंग, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की व्यावहारिक समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देते हुए पुलिस कार्यालयों को पेपरलेस, पारदर्शी, त्वरित एवं अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: डीएम से मिले अधिवक्ता, तहसील परिसर की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग












