हाथरस में आवारा कुत्तों का कहर, 20 से ज्यादा लोग घायल, अस्पताल में वैक्सीन को लेकर हड़कंप

हाथरस में आवारा कुत्तों का कहर, 20 से ज्यादा लोग घायल, अस्पताल में वैक्सीन को लेकर हड़कंप

संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस

हाथरस में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात से लेकर सोमवार दोपहर तक शहर और ग्रामीण इलाकों में कुत्तों के हमलों में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां शुरुआत में एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) की कमी सामने आई, जिससे कुछ मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ा।
सबसे ज्यादा घटनाएं हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र से सामने आईं। गांव मोहब्बतपुरा में एक ईंट भट्टे पर काम करने वाली महिला चंद्रवती और बच्ची चंद्रकला को कुत्ते ने काट लिया, जिन्हें बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा गांव कुंवरपुर निवासी मोहनलाल, शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी निवासी 8 वर्षीय मयंक, सुरंगपुरा निवासी राजेंद्र, गांव गंगचोली निवासी प्रमोद, अल्लेपुर निवासी साहब सिंह और बस स्टैंड के पास रहने वाली नीलम सहित 20 से अधिक लोग कुत्तों के हमले में घायल हुए हैं।
जिला अस्पताल पहुंचे पीड़ितों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब इमरजेंसी वार्ड में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म मिली। वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण कुछ मरीज मायूस होकर लौट गए। हालांकि, बाद में अस्पताल प्रशासन ने वैक्सीन की व्यवस्था कर ली, जिसके बाद उपचार शुरू किया गया।
इस संबंध में जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि कुत्ते के काटने से जो भी पीड़ित अस्पताल पहुंचे हैं, सभी का इलाज किया गया है और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें