विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

स्टेट संवाददाता विष्णु रावत लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे ठगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं और पीड़ितों से ठगा गया पूरा पैसा भी वापस कराया जाए।

शनिवार सुबह कड़ाके की ठंड के बावजूद मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “घबराने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का प्रभावी निराकरण कराया जाएगा।”

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने अपने परिवार के सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को तत्काल सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित को धनराशि वापस दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला को सचेत करते हुए कहा कि विदेश जाने के नाम पर अवैध एजेंटों के झांसे में न आएं, गलत तरीके से जाने पर लोगों को विदेश में जेल तक जाना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ितों की मदद में किसी भी तरह की देरी या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समस्याओं के समाधान में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों के मामलों में उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल के इस्टीमेट शीघ्र पूर्ण कर शासन को भेजने को कहा, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।

जनता दर्शन में आए बच्चों के साथ मुख्यमंत्री ने आत्मीय व्यवहार करते हुए उन्हें चॉकलेट दी और नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री का यह जनसंवाद कार्यक्रम एक बार फिर आमजन के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता को दर्शाता नजर आया।

ये भी पढ़ें जसरथपुर थाना क्षेत्र में युवक को गोली मारने से सनसनी, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें