एटा में चला सख्त यातायात अभियान, 80 वाहनों के चालान, 2.36 लाख का जुर्माना वसूला गया
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक एटा के निकट पर्यवेक्षण में जनपदीय यातायात पुलिस ने व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, हूटर, सायरन तथा प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई की गई, क्योंकि ये न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि आम जनता के लिए असुविधा और दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले वाहन चालकों, तीन सवारी बैठाकर चलने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन तथा मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
इस व्यापक अभियान के तहत कुल 172 वाहनों के चालान किए गए, जिन पर कुल 2,36,000 रुपये का सम्मन शुल्क लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। इसके अतिरिक्त ऑटो चालकों द्वारा पीछे सवारी लटकाकर चलने की खतरनाक प्रवृत्ति पर भी सख्ती बरती गई। ऐसे ऑटो में लगे अवैध स्टैंड को मौके पर ही कटवाया गया और चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












