प्रतापगढ़: युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी ने पड़ोसियों पर हत्या कर शव नीम के पेड़ से लटकाने का लगाया आरोप
महेशगंज, प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शिवगंज-नरियांवा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी मीना सरोज ने आरोप लगाया है कि उसके पति विजय कुमार की पड़ोसियों ने हत्या कर शव को नीम के पेड़ से लटका दिया।

पीड़िता के अनुसार, घटना से करीब दो दिन पहले वीडियो बनाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। इसी दौरान कथित रूप से आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मीना सरोज का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते उनके पति की हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को नीम के पेड़ से लटका दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर तैयार किया गया है। मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
ये भी पढ़ें करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, घर में मचा कोहराम












