24 घंटे में साइबर ठगी की रकम वापस, करहल साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिली बड़ी राहत

24 घंटे में साइबर ठगी की रकम वापस, करहल साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिली बड़ी राहत

संवाददाता:पंकज मिश्रा 

करहल मैनपुरी: साइबर अपराध के लगातार बढ़ते मामलों के बीच थाना करहल की साइबर सेल टीम ने अपनी सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर भरोसा कायम किया है। साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित को मात्र 24 घंटे के भीतर 19,998 रुपये की पूरी धनराशि वापस दिलाकर करहल साइबर सेल ने सराहनीय कार्य किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी आए दिन आमजन को भ्रमित कर उनके बैंक खातों, क्रेडिट कार्ड और गोपनीय जानकारियां हासिल कर फोन-पे व अन्य यूपीआई माध्यमों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। इसी क्रम में थाना करहल क्षेत्र के ग्राम ममसीरपुर निवासी शैलेंद्र कुमार के खाते से 28 दिसंबर 2025 को साइबर फ्रॉड के जरिए 19,998 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान के निर्देशन में साइबर सेल थाना करहल की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित खातों को ट्रेस कर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी की और महज 24 घंटे के भीतर पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

राशि वापस मिलने पर पीड़ित शैलेंद्र कुमार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय नागरिकों ने साइबर सेल थाना करहल की कार्यशैली, तत्परता और संवेदनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना करहल महाराज सिंह भाटी, उपनिरीक्षक पूनम, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी मोहम्मद आरिफ, कांस्टेबल 67 कुलदीप शर्मा तथा महिला कांस्टेबल 1317 रूपा सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़ें किशनी में बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों की चोरी से दहशत — पुलिस गश्त पर उठे सवाल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें