तहरीर देने पहुंची महिला ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच

तहरीर देने पहुंची महिला ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

कुंडा, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक महिला ने पुलिस पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ककरहा गांव निवासी ममता देवी की पुत्री प्रतिभा देवी का आरोप है कि वह जमीनी विवाद में हुई गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराने मानिकपुर थाने पहुंची थीं। उनका कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद जब उन्होंने उसकी प्रति (कॉपी) मांगी तो थाना प्रभारी और एक दरोगा नाराज हो गए तथा उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। उनका कहना है कि मारपीट में उनके कान में चोट आई, जिससे कान से पानी निकल रहा है। उन्होंने एक महिला कांस्टेबल पर भी मारपीट का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की भीड़ जुट गई। अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता ने मानिकपुर थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और उसकी जांच कराने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडा के एसडीएम वाचस्पति सिंह ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) से वार्ता कर थाने के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें