टिकट विवाद ने पकड़ा तूल, रोडवेज बस परिचालक और यात्री के बीच सड़क पर हुई हाथापाई।
संवाददाता अमन अहमद। एटा, 7 जून। शहर के व्यस्त हाथी गेट क्षेत्र में रविवार शाम एक रोडवेज बस के परिचालक और यात्री के बीच हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों के बीच सड़क पर ही मारपीट और गाली-गलौज होने लगी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एटा बस स्टेशन से मैनपुरी की ओर जा रही रोडवेज बस में कुरावली निवासी ब्रह्मदेव नामक यात्री सफर कर रहे थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर उनका बस चालक और परिचालक से विवाद हो गया। यात्री का कहना है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका विरोध करने पर मामला और बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि परिचालक और यात्री बस से नीचे उतर आए और सड़क पर एक-दूसरे से उलझ पड़े। दोनों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोगों तथा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को अलग कराया गया और माहौल को शांत किया गया। घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और बस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।












