गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में कड़ा सुरक्षा घेरा एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
संवाददाता मुकेश कुमार गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह एवं सीओ सिटी राजेश सिंह के नेतृत्व में कोतवाल नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या अराजकता पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है और पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मिल-जुलकर ही त्योहारों को सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है।












