आज नगर निगम गाजियाबाद मुख्यालय स्थित महापौर कक्ष में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर










कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सुनीता दयाल की उपस्थिति में सभी नामित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर सहित अन्य निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।महापौर श्रीमती सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास एवं नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नामित पार्षदों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ करें, जिससे गाजियाबाद को एक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाया जा सके। इस अवसर पर उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं को नामित पार्षद के रूप में शामिल करने का निर्णय सराहनीय है, जिससे निगम एवं संगठन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित होगा और आमजन की सुविधाओं में वृद्धि होगी।
इस दौरान सभी नामित पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के उपरांत पार्षदों ने इसे अपने लिए गर्व, जिम्मेदारी एवं सेवा का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि वे नगर हित को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा नगर निगम के माध्यम से आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। नामित पार्षद सुनील यादव ने कहा कि यह दायित्व जनसेवा का सशक्त माध्यम है और वे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान हेतु पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। नामित पार्षद ज्योति चौहान ने कहा कि महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। नामित पार्षद सुमन जाटव ने कहा कि वे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। नामित पार्षद मधुकर त्यागी ने कहा कि पारदर्शिता एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नामित पार्षद संजय रावत ने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। नामित पार्षद सरदार परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयास करेंगे।
शपथ पत्र का ब्यौरा इस प्रकार है:
“मैं, ……….. जो नगर निगम गाजियाबाद का पार्षद नामित हुआ हूँ, ईश्वर की शपथ लेता हूँ/सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता हूँ कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूँगा, मैं भारत की प्रभुता तथा अखण्डता को बनाये रखूँगा और जिस पद को मैं ग्रहण करने वाला हूँ, उसके कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक पालन करूँगा।” कार्यक्रम के दौरान प्रदीप चौधरी के परिवारजनों ने भी इस विशेष अवसर को प्रभु की कृपा मानते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की तथा महापौर से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नामित पार्षदों—प्रदीप चौधरी, सरदार पम्मी, भागवत गुप्ता, सुनील यादव, सुमन जाटव, ज्योति चौहान, अंकुश अरोड़ा, श्याम शर्मा, मधुकर त्यागी एवं संजय रावत—ने शपथ ग्रहण की।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा नगर के विकास हेतु सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। महापौर ने सभी के परिवार जनों एवं मित्रजनों के साथ फोटो कराते हुए खुशियां साझा की।












