भोजपुरा क्रॉसिंग पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से आटा चक्की संचालक की मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से आटा चक्की संचालक की मौत हो गई। घटना सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुरा क्रॉसिंग की है, जहां 46 वर्षीय उपकार चौहान की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया है कि बुधवार शाम करीब 6:30 बजे ग्राम भोजपुरा निवासी उपकार चौहान पुत्र किशन सिंह फर्रुखाबाद की ओर से आ रही मैनपुरी–फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उपकार चौहान गांव में ही आटा चक्की का संचालन करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 7 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












