हाथरस में दर्दनाक हादसा: सोती ढाई महीने की बच्ची पर बैठा बच्चा, मौत
संवाददाता – अश्वनी कुमार
जिला हाथरस हाथरस के कस्बा मुरसान में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में ढाई महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। खेल-खेल में हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मुरसान के एक मोहल्ला निवासी आजाद खान के घर ढाई महीने पहले अल्फिया नाम की बेटी का जन्म हुआ था। शुक्रवार को मां ने दूध पिलाने के बाद बच्ची को चारपाई पर कपड़ों में लपेटकर सुला दिया था। उसी दौरान परिवार के अन्य बच्चे पास में खेल रहे थे।
खेलते-खेलते बच्चों में से एक बच्चा अचानक सो रही अल्फिया के ऊपर बैठ गया। कुछ ही देर में जब परिजनों की नजर पड़ी तो उन्होंने तुरंत बच्चे को हटाया और बच्ची को उठाकर देखा, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं कर रही थी।
बच्ची की हालत गंभीर देख परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अल्फिया को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
डॉक्टरों के अनुसार, दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद परिजन बच्ची का शव लेकर घर लौट गए। मासूम की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: हीरागंज नगर पंचायत में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन












