पानीपत में हथौड़ा हत्याकांड के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में धराए, दो बदमाशों की टांग में लगी गोली
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत के खटीक बस्ती में सरेआम हथौड़ों से की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या में शामिल बदमाशों और पुलिस के बीच मुहाली–बबैल गांव रोड पर देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों की टांगों में गोली लगी, जबकि चारों आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान दीपक और अक्षय के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके दो अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और दो जिंदा रौंद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों बदमाशों ने बीते दिन खटीक बस्ती में सरेआम आतंक मचाते हुए विक्रम की बेरहमी से हत्या की थी। आरोपियों ने हथौड़ों से वार कर विक्रम की जान ली और इसके बाद शव को सड़क पर घसीटते हुए फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिस दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।












