जनपद एटा में यूनियन का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन जलेसर।
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
तहसील मुख्यालय स्थित न्यायालयों एवं कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के जिला अध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में किसानों ने उप जिलाधिकारी भावना विमल को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 18 जनवरी तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन व उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने आरोप लगाया कि तहसील में किसानों से जुड़े मामलों को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। अमल-दरामद, दाखिल-खारिज, नामांतरण सहित अन्य जरूरी कार्य बिना सुविधा शुल्क के नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कई बार तहसील प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील में कार्यरत कुछ कर्मचारी और अधिकारी किसानों का शोषण कर रहे हैं और पैसे लेने के बाद ही काम किया जा रहा है, जो पूरी तरह से भ्रष्टाचार को दर्शाता है। यदि तय समय सीमा तक सुधार नहीं हुआ, तो 18 जनवरी से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में पूरन सिंह, लखन यादव, अभिषेक सिंह, दिनेश यादव, मुकेश ठाकुर, विजयपाल सिंह, महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।












