नवरात्रि में वाराणसी में मीट-मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
वाराणसी: वाराणसी नगर निगम ने नवरात्रि के दौरान नगर सीमा में मीट, मछली और मुर्गे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया फैसला
वाराणसी को धर्म और आध्यात्म की नगरी माना जाता है। शहरवासियों और विभिन्न संगठनों की ओर से लंबे समय से नवरात्रि के दौरान मीट और मछली की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की जा रही थी। अब नगर निगम ने इस मांग को स्वीकार करते हुए पूरी नवरात्रि के लिए यह प्रतिबंध लागू कर दिया है।
प्रशासन की सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम बाजारों में निगरानी रखेगी और प्रतिबंध के दौरान किसी भी दुकान के खुले मिलने पर तुरंत कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
नगर निगम पहले भी विश्वनाथ मंदिर से 2 किमी के दायरे में मीट की दुकानों पर प्रतिबंध लगा चुका है. महाकुंभ के दौरान भी 26 दुकानों पर कार्रवाई हुई थी. इस बार नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि नवरात्रि में प्रतिबंध का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें जेल में बेटी को लेकर मुस्कान का सनसनीखेज बयान, साथी कैदियों में आक्रोश












