वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित
बैठक में वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल और डायवर्जन प्लान पर हुई विस्तृत चर्चा
मण्डल संवाददाता: अमित चौहान कानपुर नगर. पुलिस कार्यालय के सभागार में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार ने की।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त ने सभी तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, यातायात डायवर्जन, बैरियर की स्थापना तथा ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनाती के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। पुलिस बल को सटीक निर्देशों के साथ ब्रीफ किया गया और उन्हें यातायात संचालन के हर पहलू पर सजग रहने को कहा गया।
पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि वीवीआईपी आगमन के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ यातायात भी नियंत्रित और व्यवस्थित बना रहे, जिससे शहरवासियों को कोई परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें खतौनी घोटाले पर भड़के किसान, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी












