कोटवार की मनमानी से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में लगाई गुहार

कोटवार की मनमानी से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में लगाई गुहार

बेमेतरा जिला के बेरला ब्लॉक ग्राम बासा के खेतिहर ग्रामीणों का प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

CG: बेमेतरा जिला के बेरला ब्लाक अंतर्गत ग्राम बासा से एक ज्वलंत भूमि विवाद सामने आया है, जहां के दर्जनों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कोटवार ने उनकी खेती तक पहुंचने के रास्ते को जबरन बंद कर दिया है, जिससे खेती-किसानी पर संकट मंडरा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, खेतों तक जाने का एकमात्र रास्ता कोटवार की भूमि से होकर गुजरता है। वर्षों से ग्रामीण उसी रास्ते का उपयोग कर रहे थे, लेकिन अब कोटवार ने व्यक्तिगत स्वार्थवश रास्ता बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मनमानी के चलते उन्हें खेतों तक जाना तकरीबन असंभव हो गया है, जिससे बुवाई और सिंचाई जैसे जरूरी कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

कोटवार की इस कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। वे इसे न केवल भूमि विवाद, बल्कि ग्राम स्तर की प्रशासनिक व्यवस्था की निष्पक्षता से भी जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकाला जाए।

प्रशासन को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने पर विवश होंगे। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस विवाद को किस प्रकार सुलझाता है और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

ग्राम स्तर पर ऐसे मामलों के बढ़ने से शासन की पहुंच और ग्राम न्याय प्रणाली की स्थिति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें एटा: मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस टीम ने चलाया जागरूकता अभियान

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें