एटा में महिला सम्मेलन: बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता रथ रवाना, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर।
संवादाता अमन अहमद।एटा स्थित सैनिक पड़ाव में आयोजित राजकीय कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी के अंतर्गत महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर आयोजकों और जिला प्रशासन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सम्मेलन के दौरान अध्यक्षा बबीता चौहान ने बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से तैयार किए गए बाल विवाह जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगा।
महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी और महिला उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध संसाधनों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज का समय महिला सशक्तिकरण का है और महिलाएं अपने हक के प्रति जागरूक होकर समाज में बदलाव की अहम भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।
बबीता चौहान ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हालिया बजट किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में है, जिसमें महिलाओं के कल्याण का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि सरकार 75 जिलों में बालिकाओं के लिए छात्रावास खोलने जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली लड़कियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
ये भी पढ़ें अनुदेशकों ने जीती लड़ाई, अब खत्म नहीं होगी नौकरी, सुप्रीम कोर्ट ने 17000 रुपये मानदेय देने का दिया आदेश












