तेज रफ्तार डंपर का कहर: हाथरस में युवक की दर्दनाक मौत
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास की है, जहां तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मारकर युवक को कुचल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाला का नगला निवासी मुनीष पुत्र राजकुमार गाड़ियों की मरम्मत का कार्य करता था। वह रोज की तरह सुबह पैदल अपनी दुकान जा रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ से एटा की ओर जा रहा हाईवे निर्माण कार्य में लगा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पीछे से उसे टक्कर मार गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुनीष सड़क पर गिर पड़ा और उसके चेहरे व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने कोतवाली के पास से डंपर को पकड़ लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां कोहराम मच गया। अविवाहित मुनीष अपने पीछे वृद्ध माता-पिता को छोड़ गया है। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












