एटा में एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर मंथन, स्नातक के 22 और शिक्षक निर्वाचन के 9 मतदान केंद्र तय।
संवादाता अमन अहमद। एटा, 26 सितंबर 2026। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में हुई, जिसमें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए जनपद में निर्धारित मतदान केंद्रों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। बताया गया कि स्नातक निर्वाचन के लिए 22 मतदान केंद्र, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 9 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्रों के निर्धारण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है। केंद्रों का निर्धारण करते समय मतदाताओं की संख्या के साथ-साथ मतदान केंद्रों के बीच की दूरी को भी ध्यान में रखा गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि निर्धारित मतदान केंद्रों को लेकर किसी दल को कोई सुझाव या आपत्ति है, तो उसे जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराया जा सकता है। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों के निर्धारण से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और निर्धारित मानकों की जानकारी दी। साथ ही निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं में सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाजी आशिक अली, भाजपा जिला संयोजक सचिन उपाध्याय, भाजपा जिला संयोजक रामलखन सिंह, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी सहित अनिल कुमार, सत्यवीर दिवाकर, प्रदीप और सतेंद्र सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला निर्वाचन कार्यालय से रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।












