पूर्वांचल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में बढ़ा जोखिम
संवाददाता — दीप चन्द्र पाण्डेय प्रतापगढ़। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वाराणसी की ओर से 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तेज हवाओं की रफ्तार लगभग 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा और कुछ स्थानों पर 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
अलर्ट के तहत प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र को सबसे अधिक जोखिम वाले क्षेत्र में रखा गया है। प्रतापगढ़ सहित इन जिलों में सुबह से दोपहर तक मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है।
तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे गिरने, बिजली के तार टूटने तथा स्पार्किंग जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित 11 केवी फीडर को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बंद करने तथा पूरी लाइन की जांच के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश हैं।
अस्पताल, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े फीडरों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित रखने तथा आपात स्थिति के लिए अस्पतालों को वैकल्पिक बिजली व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।
विद्युत विभाग ने आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। गिरे हुए बिजली के तारों को बिल्कुल न छुएं और किसी भी विद्युत समस्या की सूचना 1912 पर दें। तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश के दौरान बिजली लाइनों के आसपास जाने से बचें।
प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ अर्जुन गौतम के परिजनों से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, अखिलेश यादव की ओर से सौंपी आर्थिक सहायता












