प्रतापगढ़ अर्जुन गौतम के परिजनों से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, अखिलेश यादव की ओर से सौंपी आर्थिक सहायता
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। पुलिस कस्टडी में मोलनापुर निवासी शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत के मामले में शनिवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिजनों से मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को अपने वाहन से डाक बंगले पर लाया गया, जहां प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना के क्रम और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में विस्तार से बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से भेजी गई आर्थिक सहायता का चेक भी परिजनों को सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों की समस्याएं सुनीं और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। सपा नेताओं ने कहा कि परिजनों से मिली जानकारी और घटना से संबंधित तथ्यों को संकलित कर जल्द ही पार्टी के प्रदेश कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव, सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी और विजय यादव शामिल रहे।












