मकान गिरने के बाद पहुंची डीएम की टीम, लापरवाही पर लेखपाल के निलंबन के निर्देश
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों का डीएम अभिषेक पाण्डेय ने किया निरीक्षण, पीड़ित परिवार को 1.20 लाख रुपये राहत देने के निर्देश प्रतापगढ़। कोहड़ौर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-08 रामापुर में भारी बारिश और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों का बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण किया। राहत कार्य में लापरवाही सामने आने पर डीएम ने संबंधित लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने रामापुर निवासी रिंकी गौड़ पत्नी हरिओम के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम पट्टी को आपदा राहत कोष से पीड़ित परिवार को 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएम ने वैजू का पुरवा निवासी विमला पाल के क्षतिग्रस्त मकान तथा विद्या देवी के मकान और पशुशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षति का नियमानुसार आकलन कर प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिवृष्टि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।












