लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया भारत टैक्सी का प्रचार, युवाओं से जुड़ने की अपील
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी सवारी सेवा भारत टैक्सी का प्रचार करते हुए युवाओं और ड्राइवरों से इससे जुड़ने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विदेशी टैक्सी कंपनियों का जिक्र करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार और आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजेश पाठक ने कहा, “पराधीन सपनेहु सुख नाहीं।” उन्होंने कहा कि देश में लोग मेहनत करते हैं और पैसा लगाते हैं, लेकिन उसका लाभ विदेशों में बैठी कंपनियों को मिलता है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी कंपनियां वहां पिज्जा-बर्गर खाएंगी और यहां लोगों को सत्तू तक के लिए तरसना पड़ेगा, यह व्यवस्था ठीक नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने लोगों से भारत टैक्सी को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इसमें अपनी मोटर, अपना ड्राइवर और अपनी कमाई अपने ही घर में रहेगी। उन्होंने इसे युवाओं के लिए रोजगार का एक विकल्प बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने की बात कही।
ड्राइवरों को कमाई और समय प्रबंधन के दिए सुझाव
बृजेश पाठक ने टैक्सी चालकों से बातचीत के दौरान वाहन के माइलेज को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने वैगनआर के माइलेज का जिक्र करते हुए कहा कि लोकल में करीब 20 से 22 किलोमीटर और हाईवे पर 28 से 30 किलोमीटर तक का औसत मिल सकता है।
उन्होंने युवाओं से नौकरी के बजाय टैक्सी चलाने को भी एक विकल्प के तौर पर देखने की बात कही। उन्होंने कहा कि ड्राइवर कुछ घंटे टैक्सी चलाने के बाद परिवार के साथ समय बिता सकते हैं और जरूरत के अनुसार शाम को दोबारा काम कर सकते हैं।
बेरोजगारी को लेकर किया बड़ा दावा
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कोई भी बेरोजगार युवा नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को वाहन खरीदने के लिए लोन की व्यवस्था मंत्री जेपीएस राठौर और परिवहन मंत्री की ओर से कराई जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गारंटी देंगे।
उन्होंने ड्राइवरों को सलाह दी कि वे अपने घर के आसपास की सवारियों को प्राथमिकता दें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया और युवाओं से इस सेवा से जुड़ने का आह्वान किया।












